स्याना में गढ़ हाईवे पर हुआ हादसा, घायल भाई का मेरठ में इलाज जारी
बुलंदशहर। स्याना में गढ़ हाईवे पर देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान बहन की मौत हो गई, जबकि भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भैसोड़ा निवासी गोलू देर रात अपनी करीब 20 वर्षीय बहन कुम्मो को बाइक पर बैठाकर नगर से गांव लौट रहा था। इसी दौरान गढ़ हाईवे पर सराय पुलिस चौकी के निकट एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन दोनों को मेरठ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान कुम्मो की मौत हो गई। वहीं, गोलू का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बहन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राम नारायण सिंह ने बताया कि घायलों के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।