चोरी के नौ मोबाइल और चार बाइक बरामद, अस्पताल में भर्ती कराया
ग्रेटर नोएडा। दादरी में सोमवार रात पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में लोकेश नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से 9 मोबाइल फोन, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। उसकी निशानदेही पर चोरी की 4 मोटरसाइकिलें भी मिली हैं।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात बौड़ाकी कट के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लोकेश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी भाग निकला।
घायल लोकेश बुलंदशहर जिले के चोला थाना क्षेत्र के खवासपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस को उसके पास से तमंचा, कारतूस, एक बैग में रखे चोरी और छीने गए 9 मोबाइल फोन और सफेद धातु के दो सिक्के मिले हैं। लोकेश की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, लोकेश और उसके साथी देव ने कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीने थे। बरामद मोटरसाइकिलें बुलंदशहर के सरकारी अस्पताल के सामने से चोरी की गई थीं।
पुलिस ने बताया कि अगस्त में लोकेश ने अपने साथी आकाश के साथ सेक्टर जू-3 के ए ब्लॉक में एक बंद मकान का ताला तोड़कर गहने और अन्य सामान चोरी किया था। बरामद हुए सफेद धातु के दो सिक्के भी इसी चोरी के बताए जा रहे हैं।
पुलिस अब फरार साथी की तलाश कर रही है। साथ ही बरामद चारों मोटरसाइकिलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। लोकेश और उसके साथियों के अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।