सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी परीक्षा, 13 हजार अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
शारदा रिपोर्टर मेरठ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2025 कल यानी 4 अक्टूबर को होगी। मेरठ में परीक्षा के लिए 28 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 13,024 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक एक ही पाली में होगी। अभ्यर्थियों को एमसीक्यू सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर देने होंगे।
परीक्षा के लिए हर केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी होगी। अभ्यर्थियों की केंद्र में एंट्री सुबह 8 बजे से शुरू होगी। 8:45 बजे गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रवेश से पहले मूल पहचान पत्र की जांच के साथ अटेंडेंस, आईरिस और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन होगा।
हर केंद्र के गेट पर तीन पुरुष और दो महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगे। पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष पुलिसकर्मी और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी करेंगी। इसके अलावा हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से भी जांच होगी।
परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, डिजिटल घड़ी या ऐसी कोई भी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी, जिससे परीक्षा की शुचिता प्रभावित हो। एक परीक्षा कक्ष में 24 अभ्यर्थी बैठेंगे और दो कक्ष निरीक्षक तैनात रहेंगे।
40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को मांग करने पर श्रुतलेखक की सुविधा दी जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय भी मिलेगा। इसके लिए दिव्यांगता प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
-
सुबह 8 बजे से केंद्र में प्रवेश शुरू होगा।
-
8:45 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
-
ई-प्रवेश पत्र जरूर साथ लेकर आएं।
-
आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल फोटो आईडी जरूर लाएं।
-
आईडी की एक फोटो कॉपी और दो फोटो भी साथ रखें।
-
मोबाइल फोन, डिजिटल घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर केंद्र पर न आएं।
-
प्रवेश से पहले फ्रिस्किंग, आईरिस और बायोमेट्रिक जांच होगी।
-
परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी।
-
दिव्यांग अभ्यर्थी अपने जरूरी प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज साथ लाएं।

