स्क्रैप कारोबारी पर जानलेवा हमले के मामले में था फरार, पैर में लगी गोली
शारदा रिपोर्टर मेरठ। लोहिया नगर के न्यू इस्लामनगर में स्क्रैप कारोबारी पर फायरिंग के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस आरोपी को अवैध असलहा बरामद करने के लिए ग्राम बजोट अंडरपास के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है
न्यू इस्लामनगर निवासी सोनू के मुताबिक, इलाके के रहने वाले इरशाद पर कमेटी के करीब 24.77 लाख रुपए बकाया थे। 11 सितंबर को नमाज पढ़ने के बाद वह रकम मांगने इरशाद के घर पहुंचा था। इसी दौरान उसका भाई हारून भी वहां आ गया।
आरोप है कि तभी इरशाद, उसका बेटा रवीश, भाई फिरोज और अन्य लोग पिस्तौल लेकर वहां पहुंचे और दोनों भाइयों पर फायरिंग कर दी। करीब 10 राउंड फायरिंग में हारून को तीन गोलियां लगी थीं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल हारून को निजी अस्पताल में भर्ती भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के दबाव के बीच आरोपी रवीश ने 19 सितंबर को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया था। पुलिस इरशाद और उसकी पत्नी शबाना को भी गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद फरार चल रहे फिरोज पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, फिरोज लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें वह इनाम घोषित होने के बाद भी एक्टिव नजर आया था।
लोहिया नगर पुलिस और स्वाट टीम ने शुक्रवार देर रात फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार तड़के उसे असलहा बरामदगी के लिए बजोट अंडरपास के पास ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।