– एमआईईटी कॉलेज का मामला।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। जानी थाना क्षेत्र स्थित एमआईईटी कॉलेज परिसर से एक छात्र की बुलेट मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पीड़ित छात्र कुणाल कटारिया ने इस संबंध में जानी थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी कुणाल कटारिया एमआईईटी कॉलेज में पढ़ता है। कल सुबह करीब 9:30 बजे वह अपनी काले रंग की रॉयल एनफील्ड (बुलेट) 2025 मॉडल मोटरसाइकिल से कॉलेज आया था। पार्किंग में जगह न मिलने पर उसने बाइक कॉलेज परिसर में एक पेड़ के नीचे खड़ी कर ताला लगा दिया और कक्षा में चला गया।
दोपहर लगभग 12:30 बजे जब कुणाल वापस लौटा, तो उसकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। आसपास और लोगों से पूछताछ की, बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसे अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने का संदेह हुआ। कुणाल ने तत्काल जानी थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी।
पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोर की पहचान करने और बाइक बरामद करने की मांग की है। जानी थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

