मानसिक बीमार बताई जा रही हिरासत में, फोरेंसिक टीम कर रही जांच
जालौन। मंगलवार सुबह 5 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक मां ने अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, महिला को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सिकरी व्यास गांव की है। यहां पारो पत्नी राजेश बरार ने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे अपने डेढ़ वर्षीय बेटे ऋतिक की पर गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पारो के चार बच्चे हैं और ऋतिक उनमें सबसे छोटा था। परिवार में हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध नजर आया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं बताया जा रहा है और उसका इलाज भी चल रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा, कोटरा थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार, अतिरिक्त निरीक्षक विष्णुकांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।