चांसी गांव में दहशत, कांवड़ मेले से पहले वन विभाग ने गठित कीं निगरानी टीमें
बुलंदशहर। अहार थाना क्षेत्र के चांसी गांव में एक नलकूप की छत पर तेंदुआ दिखाई देने के दावे के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नलकूप की छत पर तेंदुआ जैसा वन्यजीव बैठा दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है और इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से आसपास के खेतों और गांवों में भी तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा है। ताजा वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भय और बढ़ गया है। कई ग्रामीणों ने खेतों में अकेले जाने से परहेज शुरू कर दिया है और बच्चों को भी घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है।
ग्रामीणों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि चार दिन बाद क्षेत्र में कांवड़ मेले और कांवड़ यात्रा का आयोजन शुरू होना है। इस दौरान इलाके से बड़ी संख्या में शिवभक्तों और स्थानीय लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में वन्यजीव की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तेंदुए की तलाश और निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) डॉ. हरेंद्र सिंह ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को दें, अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना जरूरत खेतों या सुनसान स्थानों पर अकेले जाने से बचें।