HomeTrendingकांवड़ यात्रा के चलते हुआ बसों का डायवर्जन

कांवड़ यात्रा के चलते हुआ बसों का डायवर्जन

-

12 अगस्त तक मुख्य रास्तों पर नहीं चलेंगी बसें, वैकल्पिक मार्ग किए तय


गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए गाजियाबाद में बुधवार (5 अगस्त) से बसों का भी डायवर्जन लागू कर दिया गया है। अब रोडवेज, प्राइवेट और इलेक्ट्रिक बसों के साथ कई अन्य यात्री वाहन भी बदले हुए रूट से चलेंगे। इससे पहले हल्के वाहनों का डायवर्जन लागू किया जा चुका है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक यह व्यवस्था 12 अगस्त की रात तक प्रभावी रहेगी।

दिल्ली रोड और कांवड़ मार्ग पर लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि कांवड़ ड्यूटी के चलते बसों का रूट बदला गया है। वहीं जिले के कक्षा-1 से लेकर डिग्री कॉलेज और यूनिवर्सिटी तक सभी शिक्षण संस्थान भी 12 अगस्त तक बंद रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सीमापुरी बॉर्डर से तुलसी निकेतन होते हुए शहर में किसी भी रोडवेज, प्राइवेट या इलेक्ट्रिक बस को प्रवेश नहीं मिलेगा। ये बसें दिलशाद गार्डन, गाजीपुर मंडी, यूपी गेट, एनएच-9, डासना इंटरसेक्शन और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगी। वहीं अक्षरधाम की ओर से आने वाली बसों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के रास्ते भेजा जाएगा।

बुलंदशहर की ओर से आने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसें लालकुआ तक ही संचालित होंगी। यहां से बसों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं आनंद विहार और कौशांबी से शहर की ओर भी सभी बसों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग और पाइपलाइन मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। मोहननगर, मेरठ तिराहा, राजनगर एक्सटेंशन और हापुड़ चुंगी की ओर से आने वाले वाहन एनएच-34 की मेरठ जाने वाली लेन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर आने वाले वाहनों को दुहाई कट की बजाय डासना कट से उतरकर एनएच-9 का इस्तेमाल करना होगा। मेरठ तिराहे से मोहननगर और सीमापुरी की ओर जाने वाले वाहन भी बदले हुए रूट से गुजरेंगे।

इन इलाकों में पूरी तरह रहेगा प्रतिबंध
चौधरी मोड़, गौशाला फाटक, हापुड़ तिराहा, कैला भट्ठा, पटेलनगर फ्लाईओवर, संजय गीता चौक, घूकना मोड़-डीपीएस कट, सिहानी चुंगी और इंडस्ट्रियल एरिया से एनएच-34 की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। रेलवे स्टेशन रोड, किराना मंडी, रतेराम रोड, घंटाघर, बजरिया रोड और दिल्ली गेट की ओर से भी दूधेश्वरनाथ मंदिर की तरफ कोई हल्का वाहन नहीं जा सकेगा। इसके अलावा सीमापुरी बॉर्डर से लालकुआ और मोहननगर से आनंद विहार के बीच सभी आॅटो के संचालन पर भी रोक रहेगी।

दूधेश्वरनाथ मंदिर के लिए अलग ट्रैफिक प्लान
दूधेश्वरनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग ट्रैफिक प्लान बनाया गया है। 5 अगस्त से 12 अगस्त तक चौधरी मोड़, रेलवे रोड कट, दिल्ली जूस कॉर्नर, बजरिया, हापुड़ तिराहा, जरसीपुरा, गौशाला फाटक और कैला भट्ठा की ओर से मंदिर तक किसी भी दोपहिया, हल्के या अन्य वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

इमरजेंसी और वीवीआईपी के लिए रहेगी अलग व्यवस्था
पुलिस ने बताया कि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में बिना बाधा के आवाजाही हो सके। वहीं वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान हिंडन एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाले वाहनों को एलिवेटेड रोड और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के जरिए निकाला जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे, एनएच-9 और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करें। इससे कांवड़ मार्ग पर दबाव कम होगा और सफर भी आसान रहेगा।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

[td_block_social_counter custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_4" header_color="#ea2e2e" f_header_font_family="522" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_style="italic" f_header_font_size="eyJsYW5kc2NhcGUiOiIxNSIsInBvcnRyYWl0IjoiMTQifQ==" youtube="#" style="style10 td-social-boxed td-social-colored" tdc_css="eyJwaG9uZSI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzIiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBob25lX21heF93aWR0aCI6NzY3fQ==" facebook="#" manual_count_facebook="14000" manual_count_youtube="6000"]

Latest posts