HomeTrendingपांच लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई

पांच लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई

-

सुबह चार बजे से 84 घाटों पर जुटने लगी भीड़, दीपदान और दान-पुण्य किया


वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। दशाश्वमेध घाट समेत गंगा के करीब 80 घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 4 बजे से ही गंगा घाटों पर स्नान करने वालों की भीड़ जुटने लगी। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कमी नहीं दिखी। सुबह तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे।

स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही दान-पुण्य, जप, ध्यान और भजन-कीर्तन कर पुण्य लाभ कमाया। घाटों पर दीपदान के दौरान हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

दशाश्वमेध घाट पर सुबह से ही स्नानार्थियों का रेला लगा रहा। अस्सी घाट, तुलसी घाट, जानकी घाट, शिवाला, डंडी घाट, केदार घाट, दरभंगा घाट, शीतला घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट और भैंसासुर घाट समेत अन्य प्रमुख घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। गंगा स्नान के बाद लोगों ने दीपदान कर मां गंगा की आराधना की। घाटों पर धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ का सिलसिला चलता रहा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर सूर्योदय से पहले पवित्र नदी में स्नान, दीपदान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। कार्तिक मास भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और मां तुलसी की पूजा भी की जाती है।

कार्तिक पूर्णिमा पर ही देव दीपावली मनाने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव ने इसी दिन त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस खुशी में देवताओं ने काशी में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया था।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। गोदौलिया चौराहे से दशाश्वमेध घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा के मद्देनजर सामान लेकर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया।

गंगा में नावों के जरिए एनडीआरएफ के जवान लगातार निगरानी करते रहे। दशाश्वमेध एसीपी विवेक कुमार तिवारी और थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस, जल पुलिस और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहे। घाटों पर भीड़ नियंत्रण के साथ गंगा में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी गई।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts