बस रुकने पर सामान लेने उतरी थी, ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा
बुलंदशहर। जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के कुदैना जयरामपुर गांव में सोमवार सुबह करीब 7 बजे स्कूल बस की चपेट में आने से छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गयी। यूकेजी की छात्रा दिव्यांशी स्कूल जाते समय बस रुकने पर सामान लेने के लिए नीचे उतरी थी। आरोप है कि चालक ने बिना यह सुनिश्चित किए कि सभी बच्चे सुरक्षित बस में सवार हैं, वाहन आगे बढ़ा दिया। इससे छात्रा पिछले पहिए की चपेट में आ गई। पुलिस ने बस और चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव माधोगढ़ निवासी अमित की छह वर्षीय पुत्री दिव्यांशी देव विद्या पब्लिक स्कूल, जाडौल में यूकेजी की छात्रा थी। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल बस से विद्यालय जा रही थी। रास्ते में कुदैना जयरामपुर गांव में किसी कारणवश बस रुक गई। इसी दौरान दिव्यांशी बस से उतरकर पास की दुकान पर सामान लेने चली गई। परिजनों का आरोप है कि चालक ने छात्रा के वापस बस में चढ़ने की पुष्टि किए बिना ही बस आगे बढ़ा दी। इसी दौरान दिव्यांशी बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद चालक और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।