Homeउत्तर प्रदेशSaharanpurSaharanpur: ट्रेड फेयर में सिलेंडर फटने से लगी आग, 30 दुकानें जलकर...

Saharanpur: ट्रेड फेयर में सिलेंडर फटने से लगी आग, 30 दुकानें जलकर राख

-

  • बकरीद की नमाज पढ़ने गए थे ज्यादातर दुकानदार।

सहारनपुर। ट्रेड फेयर मेले में शनिवार सुबह सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा मेला लपटों की चपेट में आ गया। 30 से ज्यादा स्टॉल जलकर राख हो गए। घटना थाना सदर बाजार में दिल्ली रोड किनारे की है।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, सुबह करीब 7.30 बजे मेला परिसर में तेज धमाका हुआ और लपटें उठने लगीं। इसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग पहुंचे तो पता चला कि सिलेंडर फटा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय ज्यादातर दुकानदार नमाज पढ़ने गए थे। जो लोग अंदर थे वो धमाके की आवाज सुनते ही निकल कर भाग गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने जुट गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने कहा- एक बड़ा सिलेंडर फटने से आग लगी है। आग बुझाने में दो गाड़ियां लगीं। ईद की नमाज के दौरान इन गाड़ियों को ड्यूटी पर लगाया गया था। आसपास होने की वजह से 10 से 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया।

आग में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन, व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। स्टॉल्स में रखे लाखों रुपए का सामान जल गया। फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि पहले गैस लीक हुई। फिर सिलेंडर फटा। इससे आग लगी। ट्रेड फेयर संचालक सेठपाल हैं। यह ट्रेड फेयर 15 मई से चल रहा है। अभी 15 दिन और चलना था।

इस फेयर में लकड़ी के सामान, प्लास्टिक के खिलौने, शोपीस के स्टॉल के अलावा करीब 120 स्टॉल लगे थे। इनमें से 30 से ज्यादा जल गए। ट्रेड फेयर के एकदम बीच में एक चाय-नाश्ते की दुकान पर सिलेंडर फटा। इससे आग चारों ओर जल्दी फैल गई।

ट्रेड फेयर में झूले सुरक्षित हैं। यहां तक आग नहीं फैल पाई। ट्रेड फेयर में दुकान लगाने वाले ज्यादातर मुस्लिम हैं। जो बकरीद की नमाज पढ़ने के लिए सुबह ही निकल गए थे। कुछ लोग ही बचे थे, जो साइड में सो रहे थे। जब आग लगी तो सब सुरक्षित बाहर निकल गए।

फायर ब्रिगेड के अफसरों ने कहा- आग में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन संपत्ति का बड़ा नुकसान जरूर हुआ है। फिलहाल पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। स्थानीय प्रशासन ने घटना स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और मेला आयोजकों से रिपोर्ट तलब की है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts