– खेल उद्योग के विकास में अहम भूमिका निभाई, स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में हुआ कार्यक्रम।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। दिल्ली रोड स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संचालित पीपीडीसी में संस्थान के पूर्व प्रधान निदेशक सुनील गुप्ता के सम्मान में एक भव्य एवं भावभीना विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खेल उद्योग से जुड़े एमएसएमई इकाइयों के प्रतिनिधि, संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी तथा सुनील गुप्ता के परिवारजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने सुनील गुप्ता के कार्यकाल को संस्थान के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पीपीडीसी ने तकनीकी विकास, उद्योग सहयोग और एमएसएमई सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। खेल उद्योग को मजबूती देने में उनके योगदान को सभी ने सराहा।
इस अवसर पर प्रधान निदेशक आदित्य प्रकाश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सुनील गुप्ता का मार्गदर्शन संस्थान के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने पीपीडीसी के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए और कहा कि संस्थान को नवाचार, गुणवत्ता और उद्योग सहयोग के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक प्रबंधक सीके सिंह ने किया। समारोह में राजीव गोयल, गौरव बंसल, नरेंद्र राघव, कुलदीप सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में सभी ने सुनील गुप्ता के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।


