उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओलिय दरजाली दोस्तलिक’ से सम्मानित किया। यह सम्मान दोनों देशों के बीच मैत्री और सहयोग को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान के लिए प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस की आगामी 35वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव और वहां के लोगों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष भारत और उज्बेकिस्तान अपनी रणनीतिक साझेदारी की 15वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि दोनों देश अब अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस नई रूपरेखा के तहत दोनों देश सहयोग के लिए ठोस लक्ष्य तय कर आगे बढ़ेंगे।
पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देशों के बीच सहयोग के सभी क्षेत्रों को दिशा देने के लिए विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद स्थापित की जाएगी। साथ ही संयुक्त आयोग को सचिव स्तर से बढ़ाकर मंत्री स्तर का किया जाएगा। दोनों देशों के कारोबारी नेताओं की भागीदारी वाला एक संयुक्त बिजनेस समिट भी आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति के लिए भी व्यवस्था स्थापित करेंगे। इसके अलावा तीन सिस्टर-सिटी और सिस्टर-स्टेट समझौतों को औपचारिक रूप दिया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि इन समझौतों की क्षमता का पूरा लाभ उठाने के लिए रोडमैप तैयार किया जाना चाहिए।

