नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट संकट गहराने के बाद सरकार ने पेट्रोल-डीजल बचत करने के उपायों पर तेजी से अमल करने को कहा है, खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी पहल की है। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या आधी कर दी है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाकर अब आधे से भी कम कर दी है।

पीएम ने कहा है कि उनके काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन बढ़ाए जाएं. इसके लिए नए वाहन न खरीदे जाएं। केंद्र सरकार के मंत्रालयों ने भी ईंधन बचत की कवायद शुरू कर दी है। बीजेपी शासित राज्यों के कुछ मुख्यमंत्रियों ने भी अपने काफिले में कटौती का निर्देश दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश और राजस्थान के सीएम ने यह निर्णय लिया है। केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने एस्कॉर्ट वाहन न लेने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल
प्रधानमंत्री ने अपने सुरक्षा बेड़े में बड़ी कटौती के निर्देश दिए। गाड़ियों की संख्या में 50% तक की कटौती करने को कहा। बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने को कहा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने काफिले, मंत्रियों और नौकरशाहों की गाड़ियों की संख्या में 50% की कमी का आदेश दिया है। हफ्ते में एक दिन नो व्हीकल डे और सरकारी बैठकों को 50% तक आॅनलाइन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का भी आग्रह किया है।
महाराष्ट्र सरकार ने गैर-जरूरी हवाई यात्रा पर रोक लगाते हुए आदेश दिया है कि मंत्रियों को सरकारी विमान के उपयोग के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से पूर्व अनुमति लेनी होगी। गुजरात में राज्यपाल ने घोषणा की है कि वे राज्य के भीतर हेलीकॉप्टर या विमान के बजाय ट्रेन और बसों से यात्रा करेंगे। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी नेअपने वाहनों की संख्या आधी कर दी है और केवल आवश्यक होने पर ही आधिकारिक यात्रा करने का निर्णय लिया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करते हुए अपनी प्रस्तावित अमेरिका यात्रा रद्द कर दी है।


