यमुना खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही, राहत शिविरों में रह रहे लोग।
नोएडा। यमुना का जलस्तर 207.33 मीटर के आसपास है। ये खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। बैक फ्लो के डर से नोएडा में शाहदरा ड्रेन के बैराज को बंद किया हुआ है। ऐसे में ड्रेन का जल स्तर बढ़ गया है। यमुना और हिंडन उफान पर होने से सेक्टर-150 सोसाइटी में पानी भर सकता है। उधर पुश्ता पर यमुना का पानी लगातार टकरा रहा है। सड़क की हालत खस्ता है। सामाजिक संगठन की ओर से लोगों को लगातार मदद की जा रही है। सेक्टर-150 के पास रेस्क्यू चलाया जा रहा रहा है।
प्राधिकरण ने सेक्टर-135 और 150 के आसपास बख्तावरपुर, छपरौली, कोंडली, नंगली वाजिदपुर, नंगला नगली, झट्टा गांव के बारातघर में राहत शिविर बनाए हैं। पुश्ते के लेवल तक पानी आ चुका है। यदि इसी तरह जलस्तर बढ़ा तो जल्द ही पानी पुश्ते को लांघकर सेक्टरों में घुसने लगेगा। दूसरी ओर, जेवर, रबूपुरा और दनकौर के गांवों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक तहसील सदर के 12, दादरी के 6 और जेवर क्षेत्र के 25 ग्राम प्रभावित हुए हैं। लगभग 3800 की जनसंख्या प्रभावित है, जिनमें से 2637 लोग विभिन्न बाढ़ राहत शिविरों में ठहराए गए हैं। यहां सामुदायिक रसोई के माध्यम से तीनों समय भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
यमुना का जलस्तर और बढ़ने से सीमावर्ती सेक्टरों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है। इसकी वजह सिंचाई नाला है। यह नाला नोएडा के पास दिल्ली से आकर सेक्टर-11, 22, 39, 50 होकर सेक्टर-168 और यमुना में जाकर गिरता है।
सेक्टर-150 के मोम नाथल गांव के पास हिंडन और यमुना मिल रही हैं। यमुना का जलस्तर पहले से अधिक है। हिंडन भी उफान पर है। इससे इन सेक्टरों में पानी बैक फ्लो होने की समस्या बढ़ गई है।
सेक्टर-168 पर बने रेगुलेटर के तीनों पैनल (गेट) बंद हैं। नोएडा का सीवर एसटीपी के जरिए इसी नाले और बरसाती नालियों का पानी भी इसी नाले से यमुना तक जाता है। पैनल बंद होने से पानी अब स्थिर हो गया है। वहीं, अगले 72 घंटों में तेज बारिश का अलर्ट है। अगर मूसलाधार बारिश हुई तो नाले के ओवर फ्लो होने से सेक्टरों में जलभराव होने की आशंका है।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष (दूरभाष नंबर-0120-2978231/2978232/2978233) 24 घंटे संचालित किया जा रहा। इसमें तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जा रही। वहीं, राहत एवं बचाव के लिए एनडीआरएफ की दो टीम जिसमें एक टीम तहसील जेवर महमूदपुर, एक टीम तहसील सदर सेक्टर-150, पीएसओ 44 बटालियन की एक टीम सदर थाना दनकौर मुरशदपुर तथा अग्निशमन विभाग की टीम सदर तहसील के सेक्टर-151 में तैनात है। एनडीआरएफ की दो टीम सहायता कर रही है।