शारदा रिपोर्टर मेरठ। नगर निगम की विशेष बोर्ड बैठक में नारी वंदन अधिनियम संशोधन बिल पारित न होने पर निंदा प्रस्ताव पास किया गया। सांसद अरुण गोविल ने कांग्रेस और सहयोगी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित नेताजी सुभाष चंद प्रेक्षागृह में नगर निगम की विशेष बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सांसद अरुण गोविल ने नारी वंदन अधिनियम संशोधित विधेयक पारित न होने को लेकर निंदा प्रस्ताव रखा, जिसे भाजपा के सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से पास कर दिया। बैठक की अध्यक्षता महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने की।

बैठक के दौरान सांसद अरुण गोविल ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां महिलाओं के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए नारी वंदन अधिनियम बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन विपक्षी दलों के रवैये से यह पारित नहीं हो पाया।

इस विशेष बोर्ड बैठक में ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर और कैंट विधायक अमित अग्रवाल भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान नगर निगम से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
यह खबर भी पढ़िए:-
भाजपा के निंदा प्रस्ताव पर विपक्षी पार्षदों का बैठक से बहिष्कार

