पास में खड़ी मिली बाइक, हादसे की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
जालौन। कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरौदा कला में शनिवार सुबह 7 बजे के करीब सड़क के बीच एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ही बाइक पड़ी मिलने से ग्रामीणों में तरह-तरह की चचार्एं शुरू हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह 7 बजे के करीब ग्रामीण सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क के बीच एक अधेड़ व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। पास में ही उसकी बाइक भी पड़ी थी। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान राम प्रकाश उर्फ सातोंटेले (60 वर्ष) पुत्र भोपे निवासी बरौदा कला के रुप में हुई। प्रथम दृष्टया पुलिस सड़क हादसे को मानकर जांच कर रही है। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से अधेड़ की मौत हुई होगी। हालांकि, घटना को लेकर ग्रामीणों ने अलग आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि मौत की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। सीओ परमेश्वर प्रसाद का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।