युवक गंभीर रूप से झुलसा, लोगों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को निकाला बाहर, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजाबाद। प्रेमी-प्रेमिका ने कमरे में खुद को बंद कर आग लगा ली। कमरे से धुआं और चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रेमी गंभीर रूप से झुलस गया। जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गढ़ैया मोहल्ला का है।
जानकारी के अनुसार, गढ़ैया मोहल्ला निवासी खुशी (18) और मोहब्बतपुर अहीर निवासी अरुण (19) के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। खुशी अपने पिता के मौत के बाद मां और छोटे भाई के साथ शिकोहाबाद में रह रही थी। तीन दिन पहले वह अपनी मां और भाई के साथ मैनपुरी स्थित ननिहाल गई थी।
शुक्रवार रात करीब 10 बजे खुशी अपने प्रेमी अरुण के साथ वापस शिकोहाबाद पहुंची। इसके बाद दोनों रात करीब 11 बजे एक कमरे में गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से धुआं और चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दोनों को तत्काल संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए पहले फिरोजाबाद और बाद में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान खुशी की मौत हो गई, जबकि अरुण का इलाज जारी है। शनिवार सुबह सीओ अमरीश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम के साथ जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ अमरीश कुमार ने बताया जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों ने कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर आग लगाई थी। युवती की मौत हो चुकी है, जबकि युवक का इलाज चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।