अटरिया बाजार में तेज आंधी के दौरान हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र में बगाहिया पुल पर लगने वाली साप्ताहिक बाजार में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में सफाईकर्मी की मौत हो गई। तेज आंधी के दौरान यूकेलिप्टस का विशाल पेड़ अचानक उखड़कर उसके ऊपर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के जसुपुर गांव निवासी लालजी बगाहिया पुल पर लगने वाली साप्ताहिक बाजार में सफाई का कार्य करता था। प्रतिदिन की तरह शनिवार खत्म होने के बाद वह बाजार में सफाई करने के बाद दुकानदारों से पारिश्रमिक एकत्र कर रहा था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आंधी इतनी तेज थी कि बाजार के समीप खड़ा एक पुराना यूकेलिप्टस का पेड़ जड़ से उखड़ गया और सीधे लालजी के ऊपर आ गिरा। पेड़ की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हादसा इतना भयावह था कि लालजी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बाजार में मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज आंधी और जर्जर पेड़ों के कारण इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।