पेड़ काटने के दौरान गिरा बिजली के पोल के नीचे दबी दो बच्चे, एक बच्ची घायल
कौशांबी। पेड़ काटने के दौरान बिजली का पोल गिरने से एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे में पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना मंझनपुर थाना क्षेत्र के टेंवा गांव में हुई।
बुधवार सुबह लगभग 8 बजे टेंवा गांव में एक पेड़ काटा जा रहा था। इसी दौरान पेड़ की एक मोटी डाल पास में लगे विद्युत पोल पर जा गिरी। इससे पोल असंतुलित होकर गिर पड़ा और उसकी चपेट में दो मासूम बच्चे आ गए जो वहां खेल रहे थे।
हादसे में तीन वर्षीय प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय जानवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। जानवी का उपचार जारी है।
बताया गया है कि दोनों बच्चे अपने ननिहाल टेंवा गांव घूमने आए थे। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।