- जनगणना में पारदर्शिता और सटीकता होगी सुनिश्चित।
- जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने जनगणना अभियान को लेकर दी मुख्य जानकारी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय में डीएम वीके सिंह ने प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने मीडिया कर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि, जनगणना-2027 एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जो हमारे विकास, योजना निर्माण और संसाधन वितरण की आधारशिला है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश राज्य में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी। जबकि, इसके अलावा हाउस लिस्टिंग आॅपरेशन 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक चलाया जाएगा। वहीं, जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक भारत सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि, इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पेपरलेस होगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि, वह खुद विशेष रूप से स्व-गणना पर ध्यान आकर्षित करना चाहते है। अब मेरठ का हर नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। इसके लिए आपको केवल स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाना है और दिए गए सरल निदेर्शों का पालन करना है।
उन्होंने कहा कि, हाउस लिस्टिंग आॅपरेशन के अंतर्गत, 22 मई से 20 जून तक, 6443 प्रगणक और 1075 पर्वेक्षक (कुल 7,518 प्रगणक और पर्वेक्षक) के माध्यम जनपद के सभी 22 चार्जों में सभी भवनों, मकानों और संस्थानों से संबंधित लगभग 33 प्रकार की सूचनाएं एकत्र की जाएंगी। यह प्रक्रिया आगामी जनसंख्या गणना का आधार तैयार करेगी। इसके पश्चात, जनसंख्या गणना के चरण में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार की जानकारी एकत्र करेंगे। यह जनगणना का सबसे महत्वपूर्ण चरण होगा।
डीएम ने कहा कि जनगणना से हमें यह पता चलता है कि हमारे क्षेत्र में कितने लोग हैं और उनकी आवश्यकताएं क्या हैं। इसी आधार पर सरकार योजनाएं बनाती है और विकास कार्यों को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि, वह यह स्पष्ट करना चाहता हूँ कि आपकी दी गई सभी जानकारी पूर्णत: गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। इसलिए वह जनपदवासियों से आग्रह करता हूँ कि वे स्व-गणना का अधिकतम उपयोग करें और सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करें। ताकि, जनगणना-2027 को सफल बनाकर मेरठ को देश में अग्रणी बना सकें।


