– सांसद और मंगेतर प्रिया सरोज के घर भी जाएंगे।
वाराणसी। क्रिकेटर रिंकू सिंह वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर मंगेतर प्रिया सरोज रिंकू को रिसीव किया। रिंकू ब्लैक कलर की टीशर्ट और ट्राउजर पहने थे जबकि प्रिया सरोज ने पिंक लखनऊ चिकन कुर्ता और ब्लू जींस में दिखीं। एयरपोर्ट पर रिंकू सिंह को देखकर फैंस सेल्फी और आटोग्राफ लेने लगे। यहां से रिंकू सिंह सीधे ताज होटल निकल गए। मंगलवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे। इससे पहले रिंकू सिंह अपनी मंगेतर के परिवार वालों से मिलने भी जाएंगे।

कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए आईपीएल 2026 में रविवार के मैच में उन्होंने जीत दिलाई। कोलकाता-राजस्थान के मैच में 34 बॉल पर नाबाद 53 रन बनाए। साथ ही टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई।
रिंकू और सपा सांसद प्रिया सरोज की सगाई हो चुकी है। दोनों इसी साल जून, 2026 में 7 फेरे लेने वाले हैं। पिछले साल लखनऊ में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। सूत्रों का कहना है कि पिता के निधन के बाद रिंकू की शादी की तारीख पर परिवार फिर से विचार कर सकता है।
इससे पहले दो बार रिंकू-प्रिया की शादी की तारीख आगे बढ़ी थी। 18 नवंबर, 2025 को पहली तारीख तय हुई, लेकिन क्रिकेट सीरीज के कारण टल गई। फरवरी, 2026 को दूसरी तारीख निकली, लेकिन वर्ल्ड कप के चलते कैंसिल करनी पड़ी।
रिंकू के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया था कि जब रिंकू आईपीएल से फ्री होंगे, तभी शहनाई बजेगी। शादी काशी में होगी। रिसेप्शन अलीगढ़ में रखा जाएगा।
अब पढ़िए रिंकू सिंह के संघर्ष की कहानी-
पापा को मेहनत करते देख, परेशान हो जाते थे रिंकू: रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का कड़ा संघर्ष छिपा था। खानचंद अलीगढ़ में एक गैस एजेंसी पर हॉकर का काम करते थे। अपने 5 बेटों और बेटी की अच्छी परवरिश के लिए उन्होंने कई साल घर-घर सिलेंडर पहुंचाए।
पहले वह साइकिल पर डिलीवरी करते थे, फिर लोगों के घरों में टेंपो से सिलेंडर पहुंचाने लगे। रिंकू बचपन में पिता को इस तरह मेहनत को देखकर परेशान हो जाते थे।
उन्होंने वादा किया था कि पापा…एक दिन मैं आपका सहारा बनूंगा और आपको इस कड़ी मेहनत से निजात दिलाऊंगा। क्रिकेट में कामयाब होते ही रिंकू ने पापा से किया अपना वादा भी पूरा किया।
उनकी मां वीना देवी घर की जिम्मेदारियां संभालती हैं। रिंकू 5 भाई और एक बहन में चौथे नंबर पर हैं। बड़े भाई सोनू, मुकुल और शीलू हैं। जबकि बहन नेहा और भाई जीतू, रिंकू से छोटे हैं। उनका परिवार एक समय बुलंदशहर के दानगढ़ में रहता था। जो बाद में अलीगढ़ में शिफ्ट हो गया।



