यात्री ने सोशल मीडिया पर की शिकायत, कार्रवाई और रिफंड की मांग
ग्रेटर नोएडा। स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिठाई की गुणवत्ता को लेकर शिकायत सामने आई है। एक यात्री का आरोप है कि एयरपोर्ट परिसर की दुकान से खरीदे गए लड्डुओं में फफूंद लगी मिली। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई और पैसे वापस दिलाने की मांग की। बुधवार को यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा।
यात्री स्वप्निल गांधी के मुताबिक, उन्होंने मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एयरपोर्ट परिसर में स्थित लाल स्वीट्स से घी, ड्राई फ्रूट्स और बूंदी के लड्डुओं का पैकेट खरीदा था। घर पहुंचकर पैकेट खोला तो उसमें से बदबू आ रही थी। उनका दावा है कि आधे से ज्यादा लड्डुओं पर फफूंद लगी थी, जिससे मिठाई खाने लायक नहीं बची थी।
स्वप्निल गांधी ने बताया कि मिठाई के पैकेट पर पैकिंग की तारीख 6 जून और एक्सपायरी 6 अगस्त दर्ज थी। पैकेट का अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) 799 रुपए लिखा था। यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आधिकारिक हैंडल को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने विक्रेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और खरीदी गई मिठाई के पैसे वापस दिलाने की मांग की।
शिकायत सामने आने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने ‘एक्स’ पर जवाब दिया। प्रबंधन ने हुई असुविधा पर खेद जताया और मामले की जानकारी देने के लिए यात्री का धन्यवाद किया। साथ ही संपर्क विवरण साझा करने को कहा, ताकि संबंधित टीम जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
देर शाम तक यात्री की ओर से कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई थी। वहीं, मामले में जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।