– दोनों ने प्रेमी से विवाह करने के लिए किया पति का कत्ल, दोनों गर्भवती।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। जिला जेल में 19 मार्च से बंद मुस्कान को जेल में नई सहेली मिली है। उसका नाम संगीता है, वह भी तीन महीने की गर्भवती है। मुस्कान को सामान्य बैरक से हटाकर अलग बैरक में रखा गया है। यहां मुस्कान और संगीता, दोनों साथ में रहती हैं।
एक साथ बैरक में रह रही मुस्कान और संगीता का अपराध भी एक जैसा है। दोनों ने अपने-अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अपने पतियों की हत्या की है। दोनों ही पति को मारकर बॉयफ्रेंड से शादी करना चाहती थी। इसके साथ ही दोनों को गर्भवती होने का पता भी जेल में ही चला है अभी तक किसी को पता नहीं है कि उनके गर्भ में पल रहा बच्चा पति से है या बॉयफ्रेंड का है।
बॉयफ्रेंड पति को बाइक पर लेकर गया, मार डाला: जानी थाना क्षेत्र के गांव कुसेड़ी के जंगल में एक युवक की लाश मिली।
उसके पास से जो पेपर मिले, उससे सामने आया कि वह अजय उर्फ बिट्टू (28) है। वह देहरादून में जॉब करता था। मेरठ में अपने ताऊ के पोते की शादी में शामिल होने आया था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर और चेहरे को भारी चीज से कुचलने की बात सामने आई। सिर की हड्डी टूट गई थी। जांच शुरू हुई। परिवार के सदस्यों की मोबाइल कॉल डिटेल में पत्नी संगीता पर शक गहराया। उसने एक खास नंबर पर लगातार और लंबी बातचीत की थी। इस नंबर की लोकेशन गाजियाबाद में मिली। यह नंबर अवनीश था, जो उसका रिश्तेदार था। अवनीश के पकड़े जाने के बाद संगीता के साथ उसका अफेयर भी सामने आया।
पूछताछ में सामने आया कि संगीता और अवनीश शादी करना चाहते थे, इसलिए अजय को रास्ते हटाने की प्लानिंग की थी। 24 फरवरी की रात को अवनीश अजय को बाइक पर बैठाकर खेत पर ले गया, दोनों ने साथ में शराब पी। अजय जब ज्यादा धुत हो गया, तब उसका गला घोंटकर मार दिया। यही नहीं जब अवनीश ने अजय की हत्या करने की सूचना फोन पर संगीता को दी, तो उसने कहा कि वह आखिरी बार उसे देखना चाहती है। इसके बाद अवनीश और एक अन्य आशू बाइक पर अजय का शव लेकर उसके घर तक गए। वहां पहले संगीता ने अवनीश से अपनी मांग भरवाई और उसके बाद अजय का चेहरा देखा। फिर लाश को जंगल में फेंक दिया।
भाई ने मर्डर केस पुलिस तक पहुंचाया
सौरभ के बड़े भाई राहुल की तरह अजय के भाई हरिओम ने थाने पहुंचकर अपने भाई की हत्या का केस दर्ज कराया था। मुस्कान ने साहिल की मदद से पति को रास्ते से हटाया, इधर संगीता ने अपने ब्वॉयफ्रेंड अवनीश की मदद से अजय की हत्या कराई।
दोनों केस में कई समनताएं
सौरभ घर से दूर लंदन में रहकर जॉब करता था। मुस्कान यहां मेरठ में अकेली रहती और वो साहिल के करीब आ गई। इसी तरह संगीता का पति अजय देहरादून में रहकर जॉब करता था। अजय भी कभी-कभी मेरठ आता था, संगीता भी घर पर अकेली रहती। इसी अकेलेपन में उसकी दोस्ती अवनीश से हो गई। दोनों बेहद करीब आ गए। दोनों ने अपने-अपने पति की मौजूदगी में बॉयफ्रेंड से रिलेशन बनाए थे। सौरभ की हत्या 3 मार्च की रात को हुई, मगर वो मेरठ में 22 फरवरी को आया था। ठीक इसी तरह अजय की हत्या 25 फरवरी को हुई, मगर वो 22 फरवरी को ही मेरठ आया था। अजय बहन की शादी के लिए मेरठ आया था। मुस्कान डेढ़ महीने और संगीता 3 महीने की गर्भवती है।