– ईयरफोन लगाकर ट्रैक्टर चला रहा था चालक।
अयोध्या। मिल्कीपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक सड़क हादसा हो गया। इसमें 16 वर्षीय किशोरी महिमा चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना थाना इनायतनगर क्षेत्र के मंजनाई-गोठवारा संपर्क मार्ग पर एक मिडिल स्कूल के पास हुई।

ग्राम गोठवारा पूरे नउवाढाक निवासी महिमा चौहान (16) अपनी मां राजकुमारी और बहन काजल (20) के साथ सुबह करीब 5:30 बजे शौच के लिए गांव के बाहर जा रही थी। इसी दौरान मिट्टी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और तीनों उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में महिमा ट्रॉली के नीचे दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मां और बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना इनायतनगर के प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ट्रॉली के नीचे दबे शव को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई, जिसके बाद महिमा का शव बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और उसके कान में ईयरफोन लगा हुआ था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मिट्टी ढुलाई का काम करता है।
हादसे में घायल काजल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मां राजकुमारी भी गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश जारी है।
थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

