प्रॉक्टर टीम के देरी से आने पर छात्रों ने जताई नाराजगी, हादसे के कारण अज्ञात
अलीगढ़। एएमयू (अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय) की इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लैब में सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस लाइन और बन्नादेवी फायर स्टेशन से दो दमकल मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना के समय एएमयू छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों में जुटे छात्र नेता भी परिसर में मौजूद थे। चुनाव प्रचार से लौटने की तैयारी के दौरान उन्हें लैब में आग लगने की जानकारी मिली। इसके बाद प्रॉक्टर टीम के जरिए पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी गई। दमकल के पहुंचने तक आग लैब के बड़े हिस्से में फैल चुकी थी।
प्रॉक्टर टीम के मौके पर पहुंचने में देरी को लेकर छात्र नेताओं ने नाराजगी जताई। टीम के पहुंचने के बाद उनकी नोकझोंक भी हुई। हालांकि, दमकल कर्मियों ने आग को दूसरी जगह फैलने से रोक लिया।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। लैब में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि आग लगने के कारण और नुकसान का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।