दिल्ली आने-जाने वालों पर रखी जा रही नजर, खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय
मुरादाबाद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बाद मुरादाबाद पुलिस ने जिले में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस दिल्ली आने-जाने वाले छात्रों और युवाओं की गतिविधियों पर नजर रख रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
पुलिस को जानकारी मिली है कि जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में मुरादाबाद के कुछ समाजवादी पार्टी (सपा) नेता और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए हैं। 20 जुलाई को हुए बवाल और पुलिस कार्रवाई के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
एलआईयू (स्थानीय खुफिया इकाई) समेत अन्य खुफिया एजेंसियां लगातार इनपुट जुटा रही हैं। यह भी निगरानी की जा रही है कि जिले में प्रदर्शन के समर्थन या विरोध में कहीं धरना, जुलूस या प्रदर्शन की तैयारी तो नहीं हो रही। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।