मेरठ। जरा सी बारिश क्या हुई कि पूरा शहर पानी पानी हो गया। जगह-जगह जल भराव की समस्या गहरा गई। जिसके चलते शहर वासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, हर साल की तरह इस बार भी नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दावा किया था कि, शहर में कहीं भी जलभराव नहीं होगा। जबकि,जलभराव ना हो इसके लिए नगर निगम ने करोड़ों रुपए नाला सफाई में खर्च भी कर दिए। लेकिन नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के दावे एक बार फिर बारिश के पानी में धुलते हुए नजर आए। जबकि, शहर के अधिकांश इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। जबकि, पुराने शहर की बात करें तो निचले इलाकों में लोगों के घरों तक में पानी भर गया। जिसके चलते लोग नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को कोसते हुए नजर आए।
दरअसल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता से मौसम का मिजाज एकदम बदल सा गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान रिमझिम बारिश और घने बादलों के कारण मेरठ समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को ना केवल उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। जबकि, तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही की संभावना जताई है। जिसके चलते यह बारिश धान, गन्ना, मक्का और अन्य सब्जियों की फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है। हालांकि, पिछले तीन दिनों से रूक-रूककर हो रही बारिश ने उमसभरी गर्मी से तो निजात दिला दी है। लेकिन, नगर निगम द्वारा हर साल की तरह जलभराव को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं करने पर शहरवासियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी है। लगातार बारिश होने के चलते शहर के अधिकांश इलाकों में जलभराव की समस्या गहरा गई है। जिसके चलते दिल्ली रोड, बागपत रोड़, गढ़ रोड़, श्याम नगर, भूमिया का पुल, ऊंचा सद्दीक नगर, भोपाल की कोठी, लालकुर्ती, रजबन, सदर बाजार, शास्त्री नगर, मंगल पांडेय नगर, जाग्रति विहार आदि इलाकों में जलभराव की समस्या गहरा गई। जिसके चलते लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में मौसम ऐसा ही बना रहेगा और इस बारिश से फसलों को काफी फायदा होगा। जनपद मेरठ में पिछले तीन दिनों में हुई मूसलाधार बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे शहरवासियों को उमसभरी गर्मी और भीषण धूप से बड़ी राहत मिली है। जनपद मेरठ समेत अन्य जिलों में पड़ रही लगातार बारिश के कारण शहर का मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है। हालांकि, लगातार हो रही भारी वर्षा की वजह से शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई है, जिससे यातायात धीमा हो गया है। आसमान में काले बादल छाए रहने के चलते दो और चार पहिया वाहन चालकों को लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़ रहें है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के चलते विद्युत विभाग ने भी एतिहात बरतने की सलाह दी है। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि, बारिश के मौसम के चलते कोई भी व्यक्ति बिजली के ट्रांसफार्मर या खंबे के आसपास ना जाए और नही किसी जानवर को बांधे। क्योंकि इस मौसम में ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों में करंट उतरने का खतरा सबसे अधिक रहता है।