– पेपर देने निकली थी, लड़की के मोबाइल में नोट मिला-प्लीज सेव मी गॉड।
शारदा रिपोर्टर मेरठ: 20 साल की छात्रा की हत्या सिरफिरे प्रेमी ने की थी। रविवार देर रात पुलिस ने सिरफिरे को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ में कबूला कि 3 साल से छात्रा से उसकी दोस्ती थी। उसने उसे दूसरे लड़के से बातचीत करते हुए देख लिया था। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद उसने दोस्तों के साथ उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 15 मई को छात्रा बीए थर्ड ईयर की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिवार ने खोजबीन के बाद उसी दिन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 17 मई को घर से 25 किमी दूर गन्ने के खेत में छात्रा की सड़ी हालत में लाश मिली। शव मिलने के बाद परिजनों ने थाने के बाहर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी की गैंगरेप के बाद हत्या की गई।
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें समझाया। परिजनों की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। रविवार देर रात पुलिस ने सिरफिरे प्रेमी अंकुश को उसके घर से पकड़ लिया। बाकी दो आरोपी फरार हैं। पुलिस को छात्रा के मोबाइल से एक नोट मिला है। इसमें लिखा है ‘प्लीज सेव मी गॉड’ यानी भगवान मेरी रक्षा करना। मामला शहर के टीपीनगर थाना क्षेत्र का है।
एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में युवती जाते हुए दिखाई दी। परिजनों की शंका और साक्ष्यों के आधार पर अंकुश का नाम सामने आया। पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। अंकुश को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। बाकी दोनों आरोपियों को भी जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा।
ये था पूरा मामला
मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली छात्रा के पिता टेलर हैं। परिवार में छात्रा की मां, बहन और छोटा भाई हैं। 15 मई को छात्रा डिग्री कॉलेज में राजनीति विज्ञान की परीक्षा देने निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। घरवालों ने दोस्तों को फोन किया। कॉलेज में पता किया, लेकिन लड़की का पता नहीं चला। इसके बाद परिवार ने देर शाम टीपीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस ने लड़की की तलाश शुरू की। रविवार, 17 मई को रोहटा थाना क्षेत्र में उकसिया गांव के गन्ने के खेत में लड़की की लाश मिली। गांव के एक युवक ने शव देखा। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। छात्रा के चेहरे को कीड़ों ने खाया हुआ था। ऐसा भी लग रहा था मानो लाश को हत्या के बाद तेजाब डालकर जलाने का प्रयास किया गया हो। हालांकि, घटनास्थल पर संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले थे। ऐसे में पुलिस को शक था कि लड़की की हत्या कहीं और की गई और इसके बाद शव यहां फेंका गया। पुलिस ने परिवार वालों को बुलाकर शव की शिनाख्त करवाई। शव देखकर परिवार वालों ने थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया।
छात्रा के पिता ने आरोप लगाया कि अगर टीपीनगर थाना पुलिस समय पर सुनवाई करती तो बेटी की जान बच जाती। उन्होंने तीन लड़कों पर बेटी के साथ गैंगरेप करने और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनों को तीनों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिवार की तहरीर पर सिरफिरे अंकुश और उसके दो दोस्त निशांत व अंकित पर मुकदमा दर्ज किया गया।

