आधा सिर गायब, 10 मीटर तक बिखरे मांस के टुकड़े, मां के साथ आ रहे थे
प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचखरा गांव में सोमवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के समय उनकी मां भी बाइक पर साथ थीं, जो इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने डंपर को पकड़कर चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
धूमनगंज के पीपलगांव निवासी राकेश की पत्नी शांति देवी (45) सोमवार को अपने बड़े बेटे प्रियांशु (18) और सबसे छोटे बेटे शिवांशु (3) के साथ परसरा गांव में आयोजित ‘शिव चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। वहां किसी बात को लेकर शांति देवी का एक महिला से विवाद हो गया। नाराज होकर वह पैदल ही जसरा की ओर निकल पड़ीं।
कुछ देर बाद प्रियांशु अपने 3 वर्षीय छोटे भाई शिवांशु को बाइक पर बैठाकर मां को ढूंढते हुए पचखरा गांव के पास पहुंचा और उन्हें मनाकर बाइक से घर के लिए रवाना हुआ। तीनों जैसे ही पचखरा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रियांशु और मासूम शिवांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शांति देवी को कोई चोट नहीं आई।
हादसे के बाद बदहवास शांति देवी ने बिलखते हुए कहा कि यदि कार्यक्रम में विवाद न हुआ होता, तो वह रात में घर नहीं लौटतीं और मंदिर में ही रुक जातीं। मृतक प्रियांशु चार भाइयों में सबसे बड़ा था और बाजार में आरओ पानी सप्लाई का काम कर पिता का हाथ बंटाता था।
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों का आरोप है कि डंपर में क्षमता से अधिक गिट्टी लदी थी। चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पीछा कर डंपर को रोक लिया। सूचना पर घूरपुर और बारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घूरपुर थाना अध्यक्ष हरिकेश सिंह ने बताया कि आरोपी डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विधिक जांच कर रही है।