एक दिन पहले मिली थी बम की धमकी, पुलिस कर रही गहनता से जांच।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कचहरी परिसर में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बार एसोसिएशन के कार्यालय के पीछे खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। इस घटना से परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें उठने लगीं। आग की लपटें देखकर कचहरी में मौजूद वकीलों और अन्य लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। मौके पर दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण बाइक में आग लगी होगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल जिस बाइक में आग लगी, उसके मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और वाहन के नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस आगजनी में बड़ी घटना होने से बच गई। क्योंकि आग अगर पार्किंग में खड़ी दूसरी बाइकों तक पहुंच जाती तो बहुत बड़ी घटना हो सकती थी। क्योंकि बाइक पार्किंग के पास ही कारों की पार्किंग भी बनी हुई है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सतर्क थी। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पश्चिमी कचहरी मार्ग पर लगा जाम: बाइक में आग लगने के बाद पश्चिमी कचहरी मार्ग पर जाम लग गया। अफरा-तफरी के माहौल में जाम और अफतराफरी के बीच दुघर्टना भी होने से बची। पुलिस ने किसी तरह मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

