यूपीएससी की तैयारी कर रहा था, मां-बाप दोनों सरकारी टीचर
शाहजहांपुर। 25 साल के इंजीनियर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर सुसाइड कर लिया। कनपटी से सटाकर गोली चलाई। गोली सिर के आर-पार हो गई। युवक खून में लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बुधवार रात करीब 11 बजे गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। परिजन उन्हें लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, युवक बीटेक करने के बाद से तनाव में था और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे था। परिवार उन्हें गुरुवार को डॉक्टर के पास ले जाने वाला था। घटना जिला मुख्यालय से 3 किलोमीटर दूर थाना सदर बाजार क्षेत्र की है।
शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी प्रदीप शर्मा (45) पत्नी मृदुला शर्मा (38) बेटे शाश्वत शर्मा (25) और बेटी के साथ रहते हैं। पति-पत्नी दोनों खुदागंज के संस्कृत विद्यालय में सरकारी टीचर हैं। चाचा शिवांश शर्मा बैंक में नौकरी करते हैं। शाश्वत ने एक साल पहले गाजियाबाद के एबीएस कॉलेज से बीटेक किया था। इसके बाद वह नोएडा में रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। दीपावली पर वह नोएडा गए था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि 24 नवंबर की सुबह शाश्वत ने फोन कर शाहजहांपुर आने की जानकारी दी थी। वह बस से निकले, लेकिन रास्ते में उनका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद परिवार को उनकी लोकेशन नहीं मिल रही थी। बस मुरादाबाद के पास खराब हो गई तो वह वहां से पैदल ही घर के लिए निकल पड़े। मंगलवार सुबह मोबाइल चालू होने पर परिवार से उनकी बात हुई। इसके बाद परिजन उन्हें मुरादाबाद से घर ले आए थे। इस बीच परिवार ने उनकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
परिजनों के मुताबिक, बीटेक के बाद पढ़ाई और सरकारी नौकरी की तैयारी को लेकर शाश्वत तनाव में थे। उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं लग रही थी। परिवार ने बुधवार को उन्हें डॉक्टर के पास ले जाने का फैसला किया था, लेकिन घर में भतीजी के जन्मदिन की पार्टी होने के कारण यह योजना गुरुवार तक टाल दी गई। बुधवार को शाश्वत ने भी परिवार के साथ जन्मदिन की पार्टी में हिस्सा लिया था।
शाश्वत के पिता ने बताया कि उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर घर में ही रखी थी। जिससे उनके बेटे ने खुद को गोली मारी थी। परिजन उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रिश्तेदार और परिचित भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि युवक ने गोली मारकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने युवक के मानसिक तनाव में होने की जानकारी दी है।