HomeAccident Newsपांच मंजिला अपार्टमेंट में लगी आग, महिला-बच्चे की मौत

पांच मंजिला अपार्टमेंट में लगी आग, महिला-बच्चे की मौत

-

राधिका अपार्टमेंट में कई लोग बालकनी से कूदे, रीढ़ की हड्‌डी टूटी, स्कूटी-बाइकें भी जलीं


कानपुर। पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला और 15 साल के लड़के की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई लोग झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपार्टमेंट में कुल 12 परिवार रहते हैं। सुबह करीब 4:30 बजे नीचे के फ्लैट में आग लगी। देखते ही देखते आग पार्किंग और ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पड़ोसियों ने पटरे लगाकर बगल के मकान से कई लोगों को निकाला। 20-25 लोग फ्लैट की बालकनी से कूद गए। कुछ लोग साड़ी से रस्सा बनाकर नीचे उतरने की कोशिश में गिर गए। एक की रीढ़ की हड्‌डी टूट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने अपार्टमेंट में फंसे 6 लोगों को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया। करीब 2 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।

पार्किंग में खड़ीं स्कूटी-बाइकें जलकर राख हो गईं। पुलिस का कहना है कि आग की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। मृतकों में राखी साहू (48) और प्रांजुल उर्फ प्रांजल बाथम (15) शामिल हैं। हादसा फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में हुआ।

महेश तिवारी ने बताया कि मैं राधिका अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर रहता हूं। बिल्डिंग में करीब 50 से 60 लोग रहते हैं। सुबह सभी सो रहे थे, तभी अचानक शोर मचने लगा। दरवाजा खोला तो चारों तरफ धुआं था और आग लगी थी। अफरातफरी मच गई। हम लोग जान बचाने के लिए भागे। बगल वाली बिल्डिंग में ऊपर से पटरा लगा था। उसी के सहारे धोती और रस्सियां बांधकर हम लोग बाहर निकले।

उन्होंने बताया कि तीसरे फ्लोर पर रहने वाले वकील साहब की पत्नी और पांचवें फ्लोर पर रहने वाले बाथम का 15 साल का बेटा जान गंवा चुका है। आग पांचवें फ्लोर तक पहुंच गई थी। अपार्टमेंट के मालिक का नाम मोहित तिवारी है। यहां फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं हैं। दमकल की गाड़ियां भी काफी देर से पहुंचीं। तब तक हम लोगों समेत कई लोग नीचे उतर चुके थे।

एसीपी कोतवाली अमित पांडेय ने बताया कि सुबह अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली थी। अपार्टमेंट में 12 फ्लैट हैं। कुछ लोग पड़ोस के मकानों की दीवारों के सहारे बाहर निकलने में सफल रहे। बाकियों को फायर ब्रिगेड की टीम ने बाहर निकाला। इनमें एक बुजुर्ग, कुछ महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।

एक महिला की हालत गंभीर, 40 फीसदी तक जली
उर्सला हॉस्पिटल के डॉ. शुभम जैन ने बताया कि हमारे पास 4 लोग आए। इसमें राखी और प्रांजुल की मौत हो चुकी थी। प्रांजुल पूरी तरह जल चुका था। वैभव गुप्ता की रीढ़ की हड्‌डी में चोट आई है। शायद आग से बचाते समय कूदे होंगे। उनको हैलट के न्यूरो डिपार्टमेंट के लिए रेफर किया गया है। प्रांजुल की मां नीता करीब 40% जली हैं। उनकी हालत गंभीर है।

दो साल पहले बना था अपार्टमेंट
आसपास के लोगों ने बताया कि अपार्टमेंट (मकान संख्या 9/74) रामनारायण बाजार में है। 5-6 फीट चौड़ी गली में लगभग 2 साल पहले बना था। इससे बाहर आने का एक ही रास्ता है। वो भी काफी सकरा है। आरोप लगाया कि आग के बाद हमने डायल 112 पर फोन किया, लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठा।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts