बड़े चौराहे जाने की बात कहकर निकला था, पिता बोले- नौकरी का तनाव था
हमीरपुर। मौदहा में सिजनौदा-करहिया रेलवे अंडरपास के ऊपर शनिवार सुबह एक युवक का शव मिला। शव अकौना और रागौल स्टेशन के बीच पोल नंबर 1332/22 के पास पड़ा था। पुलिस ने युवक की पहचान भगत सिंह वर्मा (35), निवासी सिचौली पुरवा, थाना मौदहा के रूप में की। वह भगवानदीन वर्मा के बेटे थे।
सूचना मिलने पर उप निरीक्षक हर्षवीर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। भगत सिंह के बड़े भाई शिवदास गौतम मऊरानीपुर में कृषि विभाग में टीए के पद पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि भगत सिंह शुक्रवार रात घर से बड़े चौराहे तक जाने की बात कहकर निकले थे। वह वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह पुलिस ने परिवार को सूचना दी।
परिजनों के मुताबिक, भगत सिंह की शादी 2018 में लदार गांव में हुई थी। उनकी छह साल की एक बेटी है। चार भाइयों में वह सबसे छोटे थे। इस साल मौदहा के आईटीआई कॉलेज में उनका फाइनल था।
उनके पिता ने बताया कि भगत सिंह नौकरी को लेकर तनाव में रहते थे। घर में माता-पिता और पत्नी से उनका कोई विवाद नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।