500 प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए, दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली: मुंबई से पहुंचते ही कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट पर पहुंचते ही दिपके और उनके सहयोगियों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड की वैसे ही पुलिस विमान में घुस गई और अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन करने के लिए इजाजत नहीं दी गई है। इसलिए वे जंतर-मंतर पर जा प्रदर्शन नहीं कर सकते।
सीजेपी प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। पुलिस ने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, करीब 30 से 40 आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को पकड़ा गया है। वहीं, कुछ लोगों के घरों के बाहर निगरानी रखी जा रही है।
लीगल टीम की हेड रत्ना सिंह को उनके साथ मौजूद 3 अन्य वकीलों के साथ हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने उन्हें 25 से ज्यादा पुलिसकर्मियों से घिरी एक कार में रखा है और हिरासत में लेने का कोई कारण नहीं बताया है। विरोध प्रदर्शन से पहले धौला कुआं में सुरक्षा बलों ने कई कंटेंट क्रिएटर्स समेत प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। सीजेपी और सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध का जंतर-मंतर जारी है। इंडिया ब्लॉक के प्रोटेस्ट के बाद आज सीजेपी की बारी है। सीजेपी आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने जा रही है लेकिन उससे पहले दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को किले में बदल दिया है।
गुरुग्राम में यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। गुरुग्राम से सुबह करीब 8 बजे ध्रुव राठी को उसके घर से हिरासत में लिया। गुरुग्राम के सेक्टर -56 में ध्रुव राठी का घर है, आज सीजेपी के प्रोटेस्ट में ध्रुव को शामिल होना था। ध्रुव राठी लगातार सीजेपी प्रोटेस्ट का समर्थन कर रहा था। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की तरफ जा रहे कई प्रदर्शनकारियों को संसद मार्ग इलाके से डिटेन किया गया है। इसके अलावा कनॉट प्लेस से भी कई प्रदर्शनकारी पकड़े गए हैं। इन सबको बसों में बैठाया गया है। इससे पहले कल रात को जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के कुछ छात्रों को भी हिरासत में लिया गया था। सभी को तब से लेकर अब तक जामिया पुलिस स्टेशन में बैठाया गया है।