शादी समारोह में विदाई के दौरान हादसा, अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ा
सहारनपुर। गंगोह क्षेत्र के लखनौती गांव में शादी समारोह के दौरान कार की चपेट में आने से 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा घर से परचून की दुकान पर खाने का सामान लेने निकला था। इसी दौरान पड़ोस में शादी की विदाई की रस्म चल रही थी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
गांव के रहने वाले सलमान का बेटा अर्श घर से कुछ खाने का सामान लेने निकला था। इसी दौरान पड़ोसी अब्बास के घर शादी समारोह चल रहा था। बारात आने के बाद बेटी की विदाई की तैयारी हो रही थी। तभी अर्श कार की चपेट में आ गया।
परिजनों के मुताबिक, विदाई के समय डीजे बज रहा था। पटाखे भी चलाए जा रहे थे। शोर अधिक होने के कारण हादसे की जानकारी तुरंत नहीं मिल सकी। अर्श के घायल होने का पता चलने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए।
परिजन अर्श को करनाल के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह लाया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।