छापेमारी में टाटा कंपनी के 238 पैकेट बरामद, एफआईआर दर्ज
सहारनपुर। बेहट कस्बे में नकली टाटा चाय बेचने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी ने पुलिस के साथ दो दुकानों पर छापेमारी की। दोनों दुकानों से टाटा प्रीमियम टी और टाटा टी अग्नि के 245 पैकेट बरामद हुए। कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञ ने जांच के बाद चाय को नकली बताया। दोनों दुकानदार बरामद चाय का पक्का बिल भी नहीं दिखा सके।
कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी शिवम गुप्ता ने बेहट थाने में शिकायत दी थी। उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ दुकानदार टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के नाम और पैकिंग में नकली चाय बेच रहे हैं। इसके बाद 30 सितंबर को पुलिस के साथ दुकानों की जांच की गई।
टीम सबसे पहले रहीम एंड सन्स पहुंची। यहां दुकानदार तैय्यब रहीम मिला। जांच में टाटा प्रीमियम टी के अलग-अलग वजन के 121 पैकेट और टाटा टी अग्नि के 67 पैकेट मिले। कुल 188 पैकेट बरामद हुए। दुकानदार चाय का पक्का बिल नहीं दिखा सका। टीम ने एक पैकेट जांच के लिए नमूने के तौर पर अलग किया और बाकी माल को सील कर दिया।
इसके बाद टीम मुख्य बाजार स्थित अग्रवाल ट्रेडर्स पहुंची। यहां दुकानदार संयम कुमार मिला। दुकान से टाटा प्रीमियम टी के 57 पैकेट मिले। वह भी चाय से संबंधित कोई पक्का बिल नहीं दिखा सका। उसने यह भी बताया कि उसे माल कहां से मिला, इसकी जानकारी नहीं है।
कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञ ने दोनों दुकानों से मिले उत्पादों की जांच की। कंपनी की ओर से दिए गए असली पैकेट से मिलान करने पर बरामद चाय नकली पाई गई। सभी बरामद पैकेट, नमूने और असली पैकेट पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।
पुलिस ने तैय्यब रहीम और संयम कुमार के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 में केस दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि नकली चाय दुकानों तक कहां से पहुंची।