हसनपुर में गुस्साए ग्रामीणों ने रहरा मार्ग पर जाम लगाया, ससुराल जाते समय हुआ हादसा
अमरोहा। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 बजे भूसे से लदे एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में बाइकसवार की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर भारी भाड़ी जमा हो गई।
गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। वहीं, ट्रक चालक जान बचाते हुए मौके से फरार हो गया।
गजरौला थाना क्षेत्र के महमदपुर सुल्तानठेर को रहनेवाले पवन (40) पुत्र काले सिंह रविवार देर रात अपनी ससुराल हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव लठीरा आए थे। करीब 8 बजे वह बाइक से हथियाखेड़ा गांव होते हुए हसनपुर की ओर जा रहे थे।
तीसरा मिल के पास शराब के ठेके के सामने पहुंचते ही, रहरा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार भूसे से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक ने पवन को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों के साथ मिलकर रहरा मार्ग पर जाम लगा दिया। कुछ ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। वे शव को उठाने नहीं दे रहे थे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया।
घटना की सूचना मिलते ही हसनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी, सीओ पंकज कुमार त्यागी और आदमपुर, गजरौला, रहरा, बछरायूं, डिडौली थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार व ग्रामीणों से बातचीत की।
मृतक पवन अपने पीछे पत्नी प्रभा उर्फ मल्लो और दो बेटे विनी (10) व रितेश (12) को छोड़ गए हैं। वह गजरौला की एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।