AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी आज (रविवार को) यूपी के चुनावी दंगल में उतरने वाले हैं। आज ओवैसी कानपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने इंडिया टीवी से EXCLUSIVE बातचीत की है। ओवैसी ने समाजवादी पार्टी और बीजेपी पर जोरदार अटैक किया है। ओवैसी ने कहा कि सपा के वक्त में यादवों का राज था, बीजेपी की सरकार में ठाकुरों का राज है। साथ ही, ओवैसी ने योगी सरकार पर मुसलमानों को टारगेट करने का आरोप लगाया है। वहीं, अखिलेश यादव से गठबंधन को लेकर भी ओवैसी ने खुलकर बात की है।
ओवैसी ने कहा कि यूपी में विकास, सामाजिक न्याय पर काम नहीं हो रहा है। सपा में Y और अब दस साल से यूपी में T का राज है। पहले बुलडोजर से मुसलमानों के घर को तोड़ा जाता था और अब मस्जिद, कब्रिस्तान तोड़े जा रहे हैं। यूपी की सियासत में मुसलमानों की स्थिति का मुद्दा उठाते हुए ओवैसी ने कहा कि मुस्लिम समाज केवल वोटर बनकर रह गया है। सहारनपुर ही नहीं संभल में भी मस्जिद को तोड़ा गया। इसके अलावा, कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि एनकाउंटर में सबसे ज्यादा मुसलमानों का नंबर है। रूल ऑफ लॉ से सरकार नहीं चलाई जा रही है।
वहीं, अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वे मुसलमानों के मुद्दों पर क्यों नहीं बात करते हैं। आप सत्ता में थे, तब भी मुजफ्फरनगर दंगा नहीं रोक पाए थे। दूसरी तरफ, मुझसे लोग कह रहे हैं कि आप चुप रहिए, जुबान सिल लीजिए। साथ ही, यूपी चुनाव में AIMIM की स्थिति पर बात करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि AIMIM, यूपी में विकल्प के तौर पर उभरकर सामने आई है। सपा में ईमानदारी नहीं, वे अपने गिरेबां में नहीं झांकते हैं। 2022 में सपा से अलायंस की कोशिश की थी। जहां सपा के विधायक नहीं हैं, वो सीटें मांगी थीं।