मेरठ की तरफ से आने के लिए तीन लाइन डाक कांवड़ वाहनों के लिए की गई आरक्षित
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा को देखते हुए गाजियाबाद में आज शाम से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे आम वाहनों के लिए बंद नहीं किया जाएगा। मेरठ से गाजियाबाद और दिल्ली की तरफ जाने के लिए इस रास्ते से सिर्फ डाक कांवड़ और कांवड़ियों के वाहन ही गुजर सकेंगे। हल्के वाहनों को छूट नहीं दी जाएगी।
गाजियाबाद डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुेण बिसेन ने बताया कि गाजियाबाद व दिल्ली की तरफ से किसी भी वाहन को नहीं रोका जाएगा। सिर्फ हल्के वाहन जा सकेंगे। मेरठ के परतापुर से आने वाले वाहनों को भी मेरठ पुलिस ही रोक सकेगी।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि मेरठ, मोदीनगर, मुरादनगर और गाजियाबाद की तरफ कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एनएच-58 पर भी काफी भीड़ है। लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरी काम के कांवड़ मार्ग पर जाने से बचें।
मेरठ की तरफ से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सिर्फ डाक कांवड़ के वाहनों को आने की अनुमति होगी। पैदल और दोपहिया वाहन से आने वाले कांवड़िए इस रास्ते का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। दिल्ली से मेरठ जाने वाले बाकी वाहनों को डासना कट से एनएच-9 और हापुड़ होकर भेजा जाएगा।
सीमापुरी बॉर्डर और तुलसी निकेतन की तरफ से आने वाली रोडवेज, निजी और इलेक्ट्रिक बसों को गाजियाबाद शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें गाजीपुर मंडी, एनएच-9, डासना इंटरसेक्शन, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा। बुलंदशहर की ओर से आने वाली बसें लालकुआं से चलेंगी। वहीं आनंद विहार और कौशांबी से आने वाली बसों को भी शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
12 अगस्त की रात तक दूधेश्वरनाथ मंदिर के आसपास ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेगा। चौधरी मोड़, रेलवे रोड कट, दिल्ली जूस कॉर्नर, बजरिया, हापुड़ तिराहा, जरसीपुरा, गौशाला फाटक और कैला भट्ठा की तरफ से दोपहिया और हल्के वाहन मंदिर की ओर नहीं जा सकेंगे।
एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर इन्हें वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। दिल्ली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर की ओर से आने वाले भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इन्हें एनएच-9, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के रास्ते भेजा जाएगा। लोनी बॉर्डर, सिद्धार्थ विहार, इंदिरापुरम, खोड़ा, सेक्टर-62, एनएच-34 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
गाजियाबाद पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करने और बिना जरूरी काम के कांवड़ मार्ग व दूधेश्वरनाथ मंदिर क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।