10 से 12 लाख का माल जलकर खाक होने की आशंका, दमकल बुझाने में जुटी
बिजनौर। नजीबाबाद क्षेत्र के जलालाबाद में शुक्रवार सुबह 6:07 बजे राईन एंटरप्राइजेज प्लाईवुड फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल फैक्ट्री मालिक इदरीश को घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही दमकल विभाग को भी आग लगने की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वह दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फैक्ट्री मालिक इदरीश ने बताया कि आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा प्लाईवुड और अन्य तैयार माल जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, आग से करीब 10 से 12 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आंकड़ा विस्तृत जांच और सामान के आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बरसात के दौरान शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। हालांकि, दमकल विभाग ने आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है। फैक्ट्री जंगल क्षेत्र में स्थित होने के कारण घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन प्रभारी केएस जादौन ने बताया कि दमकल विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से भी नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।