HomeTrendingस्कूल में कैंटीन संचालक का फंदे से लटका मिला शव

स्कूल में कैंटीन संचालक का फंदे से लटका मिला शव

-

भतीजी ने लगाया मारकर लटकाने का आरोप, स्कूल प्रबंधन से कुछ समय से चल रहा था विवाद


एटा। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र स्थित निजी स्कूल में मंगलवार सुबह करीब 7: 30 एक व्यक्ति का शव कक्ष संख्या-1 में पंखे से लटका मिला। सूचना पर कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 55 वर्षीय कैंटीन संचालक गिरीश चंद्र गुप्ता के तौर पर हुई है। परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाया है । पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया।


मृतक की पहचान मोहल्ला नजफअली निवासी गिरीश चंद्र गुप्ता पुत्र सौंजी राम गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह पिछले करीब चार वर्षों से अलीगंज के कोट रोड स्थित एक प्लॉट में परिवार के साथ रह रहे थे। उनका घर स्कूल के सामने ही है। गिरीश चंद्र गुप्ता स्कूल में कैंटीन का संचालन करते थे और प्रतिदिन स्कूल आते-जाते थे।

मृतक की बहू संजना ने बताया कि उनके ससुर स्कूल में कैंटीन का सामान बेचते थे। उनका आरोप है कि कुछ समय पहले स्कूल प्रबंधन से उनका विवाद हो गया था। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन ने कुछ दिन पहले उनके ससुर का सामान भी फेंक दिया था। संजना के अनुसार सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूल की ओर से उन्हें फोन कर बताया गया कि उनके ससुर ने स्कूल में फांसी लगा ली है।

भतीजी सुमन ने बताया कि बीती चार दिन पहले स्कूल में दुकान लगाने को लेकर स्कूल संचालकों से विवाद हुआ था। जिसकी वजह से थोड़ा परेशान चल रहे थे, फिर आज अचानक स्कूल में उनका शव लटका हुआ मिला है। ऐसे में ये आत्महत्या नहीं है बल्कि स्कूल वालों ने ही मारकर लटका दिया है। सुमन ने कहा उनकी कंधे पर अंगौछा भी पड़ा है, भला ऐसे हो सकता है कोई फांसी लगाए और अंगौछा उसके कंधे पर पड़ा रहे।

स्कूल के प्रबंधक ने आरोपों से किया इंकार
स्कूल के प्रबंधक मंजूरूल हसन ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि मृतक गिरीश कुमार स्कूल में दुकान लगाते थे। जिसकी वजह से हम उनको चाभी देकर चले जाते थे, वो सुबह स्कूल खोलते और बंद करते थे। बीते कुछ दिन पहले उनके शराब पीकर आने की जानकारी मिली तो पहले उन्हें इसके लिए मना किया गया। इस बात पर चार दिन पहले काफी विवाद हुआ और हमने जब उनकी दुकान हटाई तो वे भी चाभी फेंक कर चले गए और आज सुबह दीवार लांघकर स्कूल में आए। क्लास रूम में फांसी लगा ली।

परिजनों के आरोपों के आधार पर पड़ताल शुरू
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से सभी महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल थाना स्तर पर कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल थाना स्तर से आवश्यक कार्रवाई जारी है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts