घर के बाहर सोते समय वारदात, मच्छरदानी के डंडे से मारने की आशंका
महराजगंज। गुरुवार देर रात महिला का सिर कूचकर हत्या कर दी। शुक्रवार की सुबह महिला का शव घर के बाहर खून से लथपथ हालत में परिजनों ने देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने आशंका जताई है कि मच्छरदानी के डंडे से पीटकर मारा गया है। रूखमणी गुरुवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह घर के बाहर सो गई थीं। वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल लोगों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना श्यामदेउरवा थाना के कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी गांव में हुआ है। घर के बाहर सो रही 40 वर्षीय रूखमणी पत्नी शिव नारायण का शव सुबह खून से लथपथ हालत में मिला। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि मच्छरदानी के डंडे से पीटकर उसकी हत्या की गई है। रूखमणी गुरुवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह घर के बाहर सो गई थीं।
परिवार के लोगों का कहना है कि रूखमणी की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। हालांकि, परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात गांव में कुछ लोग शराब के नशे में थे और उन्हीं लोगों से महिला की कहासुनी हुई थी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्या की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और वारदात के कारणों की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतका रूखमणी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके पति शिव नारायण मंदबुद्धि बताए जाते हैं। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें गुलशन (17), आरती (14), रागनी (13) और गुलजार (10) शामिल हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी थाना अध्यक्ष अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।