खिड़की से बाहर निकलकर बचाई जान, ब्रह्मणी देवी मंदिर पर ध्वज चढ़ाकर वापस लौट रहे थे
इटावा। बलरई थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ब्रह्मणी देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार राजपुर गांव के समीप एक हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार घुमावदार मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे बंबा में जा गिरी और पलट गई। कार में छह श्रद्धालु सवार थे, जो वाहन के अंदर फंस गए थे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कैस्त निवासी धर्मेंद्र, लल्लूराम, राजेश, रंजीत, पिंटू और रोहित ब्रह्मणी देवी मंदिर पर ध्वज चढ़ाकर वापस लौट रहे थे। राजपुर गांव के पास घुमावदार मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण कार सीधे पानी से भरे बंबा में जा पलटी।
हादसे के समय आसपास खेतों में धान की रोपाई कर रहे किसानों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार के शीशे तोड़े। उन्होंने अंदर फंसे सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को बंबा से बाहर निकलवाया। तब तक सभी श्रद्धालु सुरक्षित बाहर आ चुके थे। वे अपने पीछे आ रहे साथियों के साथ दूसरे वाहन से अपने घर लौट गए। इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि राजपुर के पास यह घुमावदार मोड़ पहले भी कई हादसों का कारण बन चुका है। उन्होंने प्रशासन से यहां सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।