HomeTrendingगांव के पास खेत में पड़ा मिला युवक का शव -

गांव के पास खेत में पड़ा मिला युवक का शव –

-

 सिर पर चोट के निशान, पुलिस ने शव पोस्टमार्टक को भेजकर शुरू की जांच


उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र के कुलहा स्थित भारत खेड़ा गांव के पास एक खेत में मंगलवार को 46 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका मानते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

मृतक की पहचान भारत खेड़ा निवासी उमेश (46) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि उमेश सोमवार को राशन लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका था। मंगलवार सुबह करीब दस बजे ग्रामीणों ने खेत में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान उमेश के रूप में की।

ग्रामीणों के अनुसार, शव से कुछ दूरी पर मृतक की चप्पल और गमछा पड़े मिले। उमेश के मुंह से खून निकला हुआ था और सिर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही आसीवन थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और खून के निशान सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। घटना से जुड़े सुराग जुटाने के लिए आसपास के क्षेत्र की भी जांच की गई।

पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, मृतक के परिजनों, परिचितों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उमेश आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में थे और किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई।

थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts