HomeTrendingकैंटर ने लोडर चालक को रौंदा, मौत

कैंटर ने लोडर चालक को रौंदा, मौत

-

राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर टायर बदलते समय हुआ हादसा


हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय लोडर चालक की मौत हो गई। रिलायंस रोड के पास पंचर हुए लोडर का टायर बदलते समय एक तेज रफ्तार कैंटर ने उसे टक्कर मार दी थी।

जानकारी के अनुसार, शाहजहांपुर जनपद के जैतीपुर क्षेत्र के गांव लालपुर बड़ा निवासी और वर्तमान में गुरुग्राम के पालम विहार में रह रहे पप्पू सिंह (45) घरेलू सामान से भरा लोडर लेकर अपने गांव जा रहे थे। एनएच-9 स्थित रिलायंस रोड के पास उनके लोडर का टायर पंचर हो गया। उन्होंने वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया।

इसी दौरान पीछे से तेज गति से आया एक अनियंत्रित कैंटर सीधे लोडर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टायर बदल रहे पप्पू सिंह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल पप्पू सिंह को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। चालक की मौत की खबर सुनकर परिवार में शोक छा गया। परिजनों ने कैंटर चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts