लखनऊ। अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी भयावह थी कि कोचिंग सेंटर के अंदर ही कई छात्र फंस गए। आग से बचने के लिए छात्र बिल्डिंग के ऊपर से ही कूदने लगे। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वहीं आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंच गई। फिलहाल आग पर काबू पाने का काम किया जा रहा है। फायर विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “बताया जा रहा है कि 10-12 लोग अंदर फंसे हुए हैं। हम इमारत के अंदर नहीं जा पाए हैं क्योंकि आग बहुत भीषण है।
चश्मदीद गवाह अमन ने कहा, “यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा। हमने 5-6 लोगों को बचाया। आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से कूद गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीएम योगी ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने राहत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।