कानपुर-लखनऊ हाईवे पर लगा पांच किमी लंबा जाम, तीन लोग हुए घायल
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना अजगैन कोतवाली क्षेत्र में नवाबगंज टोल प्लाजा के पास हुई।
तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ।
हादसे में डंपर चालक जीतू पुत्र कठेरवा, निवासी बिधनू, कानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। डंपर में सवार क्लीनर छोटे पुत्र शुकदेव और मोहम्मद शादाब व आमिर, निवासी बाराबंकी, गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर अजगैन पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को डंपर से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नवाबगंज पहुंचाया गया।
सीएचसी नवाबगंज के चिकित्सक डॉ. शैलेन्द्र अस्थाना ने बताया कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
दुर्घटना के कारण कानपुर-लखनऊ हाईवे पर यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। क्षतिग्रस्त डंपर और ट्रक सड़क पर होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे करीब पांच किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। यात्रियों को दो घंटे से अधिक समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस और हाईवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। पुलिस ने मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी कि हाईवे पर ट्रक किस परिस्थिति में खड़ा था और हादसे के पीछे तेज रफ्तार, चालक को झपकी आने या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ है।