मौसम विज्ञानियों के अनुसार अब जल्दी राहत के नहीं आसार
शारदा रिपोर्टर मेरठ। जून माह में गर्मी बढ़ती जा रही है। सुबह से लेकर शाम तक तेज धूप परेशान कर रही है। अगले कुछ दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है और मौसम ऐसा ही बना रहने का अनुमान मौसम वैज्ञानिकों ने लगाया है।
न माह में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मेरठ में सोमवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश और बढ़ गई, जिससे भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम दिखाई दी तथा लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिनभर उमस और गर्मी का असर बना रहा। सुबह से ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात के तापमान में भी कमी नहीं आ रही है। गर्मी के इस तेवर से लोग परेशान हैं और ठंडी जगहों की तलाश कर रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तेज धूप के कारण गर्मी का असर जारी रह सकता है।
गर्मी के चलते बिजली और पानी की मांग भी बढ़ गई है। कई इलाकों में बिजली कटौती की समस्या भी सामने आ रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।