Homeउत्तर प्रदेशMeerutमेरठ: अघोषित बिजली कटौती पर आप का हल्लाबोल

मेरठ: अघोषित बिजली कटौती पर आप का हल्लाबोल

-

शारदा रिपोर्टर मेरठ। गर्मी बढ़ते ही लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर आम आदमी पार्टी के दर्जनों सदस्यों ने सोमवार को कमिश्नरी चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जनपद मेरठ में लगातार हो रहे लोकल फाल्ट, जर्जर तार और टूटे हुए खंभों को दुरुस्त कराने और शहर की जनता को पर्याप्त मात्रा में बिजली देने की मांग की।

 

Uproar over unannounced power cuts

 

प्रदर्शन के दौरान आप जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में बच्चा पार्क से जुलूस निकालकर डीएम कार्यालय पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर बिजली दो या गद्दी छोड़ो और अघोषित कटौती बंद करो के नारे लगाए। प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के सदस्यों ने आरोप लगाते हुए बताया कि इस भीषण गर्मी में 8-10 घंटे तक अघोषित कटौती की जा रही है, जिससे आम जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि कटौती के चलते पानी की सप्लाई, पढ़ाई और छोटे कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। सरकार स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को लूट रही है, लेकिन 24 घंटे बिजली नहीं दे पा रही। कार्यकतार्ओं ने डीएम कार्यालय पर धरना देकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि रोस्टर बनाकर कटौती की जाए और उपभोक्ताओं को पहले सूचना दी जाए। आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर 7 दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो जिले भर में अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा। प्रदर्शन में महिला मोर्चा की कार्यकतार्ओं ने भी हिस्सा लिया और कहा कि कटौती से घर का काम और बच्चों की आॅनलाइन पढ़ाई ठप है।

वहीं, अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोड और लोकल फॉल्ट के कारण ट्रिपिंग हो रही है, जानबूझकर कटौती नहीं की जा रही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

14 घंटे बिजली कटौती से बिलबिलाये लोग

शारदा रिपोर्टर मेरठ। बिजली कटौती थमने का नाम नहीं ले रही है। सोमवार को 14 घंटे की कटौती से गुस्साए पांडव नगर के लोगों ने अंबेडकर चौक बिजली घर का घेराव किया। पार्षद संजय सैनी के नेतृत्व में बिजली घर पहुंचे लोगों की कर्मचारियों से जमकर नोकझोंक हुई। काफी देर हंगामा हुआ। अधिशासी अभियंता से टेलिफोनिक वार्ता के बाद लोग वापस लौट गए।

पांडव नगर सिविल लाइन थाना क्षेत्र का एक पॉश इलाका है। रविवार रात करीब 12:30 बजे यहां की बत्ती गुल हो गई। सोमवार सुबह दिन निकलते ही लोग बिजली घर पहुंचने शुरू हो गए। देखते ही देखते हंगामा होने लगा। इसी दौरान क्षेत्रीय पार्षद संजय सिंह सैनी भी वहां आ गए। यहां बिजली घर पर तैनात स्टाफ और लोगों की जमकर नोकझोंक हो गई।

बिजली घर पहुंचे पांडव नगर के लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिन पहले ही विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि बिजली कटौती न हो। इसके बावजूद जमकर बिजली कटौती हो रही है। पूरी पूरी रात लोगों को जाग कर काटनी पड़ी है। जिस वक्त लोग बिजली घर पर पहुंचे, वहां इक्का-दुक्का ही स्टाफ मौजूद था। लोगों ने जब स्टाफ से बिजली कटौती का कारण पूछा तो वह कर्मचारी उचित जवाब नहीं दे सके। इसके बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने बिजली घर के अंदर ही नारेबाजी शुरू कर दी। बिजली घर पर काफी देर हंगामा होता रहा। इसके बाद मौके पर पहुंचे अवर अभियंता ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। भीड़ मानने को तैयार नहीं थी।

पार्षद संजय कुमार सैनी ने अधिशासी अभियंता का नंबर लिया और फोन पर ही बात की। अधिशासी अभियंता ने पार्षद को फॉल्ट पर किए जा रहे काम के बारे में बताया और जल्द ही आपूर्ति शुरू करने का भरोसा दिलाया। अधिशासी अभियंता के आश्वासन के बाद पांडव नगर के लोग लौट गए।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts